प्रयागराज (राजेश सिंह/श्रीकान्त यादव)। सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रयागराज के हंडिया की सभा में कहा कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया है, जनता ने भरोसा कर उनकी सरकार बनाई मगर इन लोगों ने जनता को महंगाई दी, बेरोजगारी दी। बोले कि ये डबल इंजन की सरकार डबल झूठ भी बोलती है। उन्हें ये नहीं पता कि जनता पटरी भी उखाडऩे का काम करती है। उन्होंने यह भी कहा कि अब ये लोग माफी मांगने लगे हैैं। जनता इन्हें माफ नहीं साफ कर देगी। अखिलेश यादव बोले, सपा की सरकार बनने जा रही है। जनता का मूड बन गया है साइकिल को वोट देने का। जनता का मूड जानकर अब ये घटिया बयान दे रहे हैैं। घटिया बयान वही दे रहे हैैं जिनकी खटिया खड़ी हो चुकी है। बोले, मतदान अवश्य करें। मतदान करने से 11 लाख नौकरियां के ताले खुल जाएंगे, जिसे बाबा ने बंद कर रखा है। यह भी कहा कि समय कम है हर विधानसभा में वह नहीं जा पा रहे हैैं, ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता दूसरे क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए भी मदद करें। कहा कि जाति जनगणना कराना चाहते हों, सपा को वोट दें, जिससे उन पर आरोप लगना बंद हो जाए। इस जनगणना से सबके बारे में पता चलेगा और फिर आबादी के हिसाब से सबको हक व सम्मान मिल सके।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव हंडिया के पालीटेक्निक मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा पर लगातार शब्दों से हमला किया। उन्होंने कहा कि साइकिल की रफ्तार देखकर भाजपा बौखला गई है। भाजपा के नेता घटिया बयानबाजी कर रहे हैं, क्योंकि जिनकी खड़ी हो गई खटिया, वह बयान दे रहे घटिया। उन्होंने कहा कि इस समय एक गाना फेमस हो गया है का बा बाबा, लेकिन अब जनता कह रही है कि बाय-बाय बाबा। जब से सपा ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त करने की घोषणा की है, तब से भाजपा की बत्ती गुल हो गई है। इनका ट्रांसफार्मर फुंक गया है। भाजपा सरकार किसान विरोधी है। किसानों को बर्बादी कर दिया है। फसल की रखवाली के लिए किसान रतजगा कर रहे हैं। गोशाला के नाम पर प्रदेश में कई करोड़ की लूट हो गई है। वे यहीं नहीं रुके बल्कि बोले कि भाजपा के प्रत्याशी कान पकड़कर 700 बार भी उठक-बैठक लगाएं, तब भी किसान माफ करने वाले नहीं हैं। यह भाजपा के लोग चुपके से जाकर माफी मांग रहे हैं, इनकाे माफ नहीं करना है बल्कि साफ करना है। महंगाई, बेरोजगारी पर भाजपा वाले कुछ नहीं बोल रहे हैं। कारखानों को बंद करने, उद्योगपतियों के रुपये लेकर भागने वालों के खिलाफ बोलने से कतरा रहे हैं। इनके मुंह पर ताले लग रहे हैं।
भाजपा झूठों की पार्टी है। इनके बीच झूठ बोलने की स्पर्धा चल रही है। छोटा नेता छोटा झूठ, बड़ा नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोलता है। बोले कि यह चुनाव संविधान को बचाने का है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया है, उसे लागू किया जाएगा। किसानों की समस्याओं का समाधान होगा। सिंचाई माफ होगी। सभी फसल पर एमएसपी देंगे। इंटर पास करने वाली छात्राओं को 36 हजार रुपये दिया जाएगा। बालिकाओं की पीजी तक की पढ़ाई फ्री होगी। महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देंगे। किसान, व्यापारी, नौजवान के लिए कार्य होगा। नौकरियों के लिए दरवाजा खोला जाएगा। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन भी बहाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता दूरदराज से आ रहे हैं। महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा से बुला लिए गए हैं, लेकिन यहां हवा का रुख बदला देखकर वह भाग निकले हैं। उन्होंने कहा कि हंडिया प्रत्याशी हाकिम लाल बिंद और फाफामऊ के प्रत्याशी अंसार अहमद के हाथों को मजबूत करना है। इसलिए वोट जरूर डालें। इसलिए कि वोट डालने से भर्ती खुलेगी, नौकरी मिलेगी, एंबुलेंस मिलेगी, 11 लाख नौकरियों के ताले खुलेंगे, जिसे बाबा ने बंद किया है।