कौंधियारा, प्रयागराज (राजेश सिंह/श्रीकान्त यादव)। कौंधियारा थाना क्षेत्र में अवैध तमंचे के साथ डांस करते हुए फेसबुक पर फोटो शेयर करने वाले एक किशोर को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया। जिसके बचाव मे आए किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने थाना घेराव की चेतावनी दी है। बता दें कि कौंधियारा थाना क्षेत्र के खपटिहा गांव का विकास बिंद पुत्र शिवश्याम बुधवार को अवैध तमंचे के साथ डांस करते हुए फोटो फेसबुक पर शेयर किया था। जिससे तमंचे के साथ उसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी कौंधियारा विनोद कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ 24 घंटे के अंदर गुरुवार को उक्त किशोर को खपटिहा नहर की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर कब्जे से तमंचा बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवैध तमंचे के साथ पकड़े गए किशोर को बचाने के लिए किसान यूनियन के पदाधिकारी जुट गए और किशोर को बचाने का प्रयास करने लगे। लेकिन पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से अवैध तमंचे के साथ पकड़े गए किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया। जिससे परेशान किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कौंधियारा पुलिस पर आरोप लगाते हुए थाना घेराव की चेतावनी दी है। इस संबंध में जब थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त लोग किशोर को बचाने के लिए तमाम कोशिशें की लेकिन पुलिस ने नही सुनी। जिससे आजिज आकर इन लोगों ने थाना घेराव की बात कर रहे हैं।