मृतकों में चार महिलाएं, पुलिस पंहुची और अगली कार्रवाई में जुटी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के हंडिया मे हंडिया-उतरांव के बीच टवेरा कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मौत की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि मृतकों में चार महिलाएं और एक बच्ची है। यह सभी लोग एक ही परिवार के हैं जो प्रयागराज के सोरांव इलाके के शिवगढ़ सराय लाल से विंध्यांचल जा रहे थे। भोर में करीब पौने सात बजे हंडिया टोल प्लाजा के निकट बिजली के खंभे से टकराने के बाद कार पलट गई जिससे पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला जख्मी है।
खबर पाकर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला तो पता चला कि कई लोगों की जान चली गई है। सभी शवों को एसआरएन अस्पताल के चीरघर में रखकर परिवार को सूचना दी गई। घटना मे रेखा पत्नी संजय अग्रहरी उम्र 45 वर्ष, रेखा पत्नी रमेश उम्र 32 वर्ष, कृष्णा देवी पत्नी स्व. श्यामलाल उम्र 70 वर्ष, कविता पत्नी स्व. दिनेश उम्र 36 वर्ष, कुमारी ओजस उम्र 1 वर्ष की मौत हो गई। घायलों में उमेश पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल उम्र 33 वर्ष, प्रिया पत्नी उमेश उम्र 30 वर्ष, गोटू पुत्री रमेश उम्र 12 वर्ष, ऋषभ पुत्र राम सजीवन अग्रहरि उम्र 26 वर्ष, चालक इरशाद हैं। सभी निवासी शिवगढ़ हैं। सभी घायलों को सीएचसी उपरदहा भेजा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही प्रयागराज के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। साथ ही घायलों का समुचित इलाज कराने के लिए कहा।