गाल के पास मांस फटा, मचा हड़कंप
लखनऊ (राजेश सिंह)। एलडीए की जनता अदालत में बृहस्पतिवार को ऐशबाग निवासी बुजुर्ग मुकेश शर्मा को थप्पड़ मार दिया जिससे उसके कान से खून निकल आया। बुजुर्ग के अनुसार वह पिछले करीब 19 साल से अपने मकान पर कब्जे को लेकर एलडीए में संघर्ष कर रहा है। इसके बावजूद उसको न्याय नहीं मिल रहा है। इस पर वह एलडीए की जनता अदालत में अपनी फरियाद लेकर आया था।
अधिकारियों से जब वह अपनी बात कर रहा था तो इस मौके पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। एलडीए के विशेष कार्य अधिकारी डीके सिंह ने उसको एक जोरदार थप्पड़ मार दिया। इससे उसका चश्मा छिटक कर दूर गिरा। गाल के पास मांस फट गया और खून बहने लगा। शोरशराबा होने पर उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बुजुर्ग की बात सुनी। इस बीच डीके सिंह मौके से फरार हो गए।
अधिकारियों का कहना है कि बुजुर्ग भी उनसे बदसलूकी कर रहा था। इस मामले में मौके पर तैनात गोमतीनगर पुलिस ने बुजुर्ग की तहरीर लेकर डीके सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।