प्रयागराज (राजेश सिंह)। सूबे के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता केशव प्रसाद मौर्य को नगर निकाय चुनाव में झटका लगा है। विधानसभा चुनाव 2022 में डिप्टी सीएम की हार के बाद अब निकाय चुनाव में भी केशव प्रसाद मौर्य के वार्ड में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में सपा-अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को करीब 7,377 मतों से पराजित किया था। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का घर सिराथू नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ में आता है। यहां से भाजपा की ओर से सभासद पद के प्रत्याशी विपिन यादव थे। जिन्हें निर्दलीय अंकित मिश्रा ने शिकस्त दे दी है। वहीं कौशांबी की सरायअकिल नगर पंचायत में आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है। आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर सात के प्रत्याशी प्रकाश गुप्ता 187 मत पाकर विजयी घोषित कि गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के अभिषेक सोनी को हराया। अभिषेक को 152 मत मिले हैं। वार्ड नंबर सात गांधी नगर से प्रकाश गुप्ता ने जीत दर्ज कर आम आदमी पार्टी को पहली बार जीत दिलाई है।