प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर के म्योहाल चौराहे के पास स्थित हेडक्वार्टर रेस्टोरेंट में महिला से छेड़खानी के बाद गुरुवार रात जमकर बखेड़ा हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया, लेकिन वह कार्रवाई करने की जिद पर अड़े थे।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पीडी टंडन रोड पर हेडक्वार्टर रेस्टोरेंट है। आरोप है कि गुरुवार रात नशे में धुत एक युवक ने महिला मैनेजर का हाथ पकड़ लिया और अभद्रता करने लगा। इसका विरोध करने पर वह झगड़ा करने लगा, जिससे वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। कुछ ही देर में महिला मैनेजर और युवक की तरफ से कई लोग आ गए, जिसके बाद हंगामा हो गया। एक पक्ष ने छेड़खानी करने का आरोप लगाया तो दूसरे ने आरोप को गलत बताया। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाने के कार्यवाहक इंस्पेक्टर भानु कुमार फोर्स के साथ रेस्टोरेंट पहुंच गए। इसके बाद सभी से पूछताछ करते हुए घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी इस रेस्टोरेंट में कई बार मारपीट की घटना हो चुकी है।