प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज गंगानगर के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के लतीफपुर गांव में तालाब में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब जाने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत से घर में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार लतीफपुर निवासी नितेश कुमार बिंद (11) पुत्र तेज बहादुर बिंद की गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे गांव से लगभग आधा किलो मीटर की दूरी पर स्थित वरुणा नदी के पास एक तालाब में अपने कई अन्य साथियों के साथ स्नान करने गया था। इस दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। अन्य साथियों ने काफी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला तो एक बच्चे ने घर जाकर इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंचकर पानी में उसकी खोज कर उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से घर में कोहराम मच गया। नितेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वाह पूर्व माध्यमिक विद्यालय लतीफपुर कक्षा 6 का छात्र था। असामयिक मृत्यु पर माता सीमा देवी समेत अन्य सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। ग्राम प्रधान सीमा देवी ने पंचनामा कर लाश को अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया है।