प्रयागराज (राजेश सिंह)। थाना मेजा क्षेत्र के परानीपुर में हुए शानू अंसारी हत्याकांड के दो आरोपियों विवेक सिंह पुत्र सुधाकर सिंह निवासी विसेनपुर परानीपुर थाना मेजा, अजय सिंह पुत्र गिरजाशंकर निवासी विसेनपुर परानीपुर थाना मेजा को थानाध्यक्ष मेजा राजेश उपाध्याय व रंजीत सिंह प्रभारी एसओजी यमुनानगर ने टीम गठित कर एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार को ऊंचडीह बस अड्डा थाना क्षेत्र मेजा से गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना के समय पहना हुआ कपड़ा जिस पर खून के धब्बे लगे हुए हैं, बरामद किया गया।
ज्ञात हो कि 11 जून को मेजा थाना क्षेत्र के परानीपुर गांव में शानू अंसारी पुत्र मोहम्मद अन्सार निवासी डोहरिया की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उक्त घटना के सम्बन्ध में मृतक किशोर के पिता मोहम्मद अन्सार पुत्र स्व. नायब अली की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से आलाकत्ल एक तमंचा, एक खोखा कारतूस की बरामदगी हुई थी। विवेचना से मुकदमा उपरोक्त में विवेक सिंह पुत्र सुधाकर सिंह व अजय सिंह पुत्र गिरजाशंकर का नाम प्रकाश में आया, जिन्हे बुधवार को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना के दिन पहने हुए कपड़े जिस पर खून के धब्बे लगे हुए बरामद किया गया।