पिछले माह हुई थी शादी, विदाई को लेकर हुई वारदात
प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे भट्टू की एक नव विवाहिता पुत्री को पिता गोली मारकर फरार हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रयागराज के शंकरगढ़ निवासी मुस्कान पुत्री अभिमन्यु मिश्रा की शादी जिला चित्रकूट थाना मऊ बरियारी में बबलू मिश्रा पुत्र चंद्रशेखर मिश्रा से 10 मई 2023 को हुई थी। मुस्कान शादी के बाद एक बार ससुराल गई थी। कुछ दिनों बाद रस्म के अनुसार उसके बाद मायके वाले उसे बुला लाए। मुस्कान की मां ने लड़की की फिर से विदाई के लिए शनिवार को ससुराल वालों को बुला लिया। इससे लड़की का पिता अभिमन्यु नाराज हो गया। वह बेटी की विदाई को राजी नहीं था। ससुराल पक्ष से बुलाने के लिए लड़की का देवर अनिल व तीन चार आस पड़ोस के लोग पहुंचे थे। उन्हें पानी पिलाया जा रहा था तभी अंदर से गोली चलने की आवाज आई। भाग कर देखा तो नव विवाहिता मुस्कान खून से लथपथ पड़ी थी। लड़की की मां ने बताया कि मेरी बेटी और मैं मेहमानों को खाना बना रहे थे, तभी मेरे पति अभिमन्यु मिश्रा लड़की को पीछे से गोली मारकर फरार हो गया।
लड़की को बुलाने पहुंचे ससुराल पक्ष के लोग आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज भेज दिया। बताया गया कि यह फायर कट्टे से किया गया है। गोली लड़की के हाथ को पार करते हुए कमर में जा लगी। इस घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई।