प्रयागराज (राजेश सिंह)। चंद्रयान - 3 की सफल लैंडिंग के लिए पूजन अर्चन और प्रार्थनाओं का दौर जारी है। संगम तट पर स्थित बड़े हनुमानजी मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ कर चंद्रयान के सफल लैंडिंग की प्रार्थन भगवान श्रीराम और बजरंग बली से की गई। इस दौरान हवन पूजन और आरती भी की गई। इसमें बड़ी संख्या में साधु संतों के साथ भक्तों ने हिस्सा लिया। बुधवार को सुबह से ही मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ चलता रहा। भक्तों ने भी बड़े हनुमानजी का पूजन कर सफलता की कामन की। बड़ी संख्या में भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इसी तरह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के द्वारा संगम तट पर चंद्रयान 3 का सैंड आर्ट बनाया गया। इस तिरंगे रंग से लिखा गया हम होंगे कामयाब। साथ ही सफल लैंडिंग की प्रार्थना भगवान से की गई। सैंड आर्ट की लोगों ने काफी सराहना की और इसे देखने के लिए काफी भीड़ जुटी रही।
चंद्रयान-3 बुधवार की शाम 5.27 बजे चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मम्फोर्डगंज के सीपीआई और सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में चंद्रयान-3 की लैंडिंग को दिखाने के लिए स्क्रीन लगाई गई है। इन दोनों जगहों को मिलाकर 300 बच्चों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अन्य विद्यालयों में भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए शाम 5.15 बजे से 6.15 बजे तक विद्यालय खुलेंगे।