प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के कौंधियारा थाना क्षेत्र के अंबा गांव में 24 घंटे के भीतर चार लोगों की मौत से गांव में दहशत मच गई। तेज कंपकंपी के बाद मौत होने के बाद गांव में खलबली मच गई है। असमय मौत का शिकार होने वालों में 30 वर्षीय एक युवती के साथ तीन बुजुर्ग शामिल हैं। जिले में ठंड अब जानलेवा हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कौंधियारा क्षेत्र के अंबा गांव में 24 घंटे में चार लोगों की मौत हो गई है, इसमें एक युवती समेत तीन बुजुर्ग शामिल हैं। गांव की शकुंतला देवी (61) पत्नी दयाशंकर मिश्र, रिटायर्ड शिक्षक फूलचंद (65) की ठंड लगने से तबीयत खराब हो गई थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इसी तरह गांव की अंजू देवी (30) पुत्री कृष्ण प्रसाद की बृहस्पतिवार की रात मौत ठंड लगने से हो गई। पिता का कहना है कि रात में अचानक कंपकंपी के साथ बेटी की तबीयत खराब हो गई। जब तक उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गांव के ही काली प्रसाद (63) की शहर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। ठंड लगने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था। 24 घंटे में हुई चार मौत से ग्रामीण काफी दहशत में हैं।