प्रयागराज (राजेश सिंह)। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर संगमनगरी प्रयागराज में भी उल्लास छाया हुआ है। इस दिन दशहरा - दिवाली एक साथ मनाने की तैयारी है। शहर को अभी से सजाया जा रहा है। मंदिरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए खास फूलों की बुकिंग की गई है। इसके लिए व्यापारियों के यहां ऑर्डर बुक कराए जा रहे हैं।
फूल कारोबारियों के अनुसार लोगों ने खास किस्म के फूलों का ऑर्डर दिया है। कोलकाता के कमल, बेंगलुरु के गुलाब, दिल्ली से टाइटस, जिप्सो, उज्जैन से गुलदावरी, लखनऊ से एन्थोरियम और बनारस से गेंदा के फूलों की बुकिंग कर दी गई है। ये ऑर्डर 22 जनवरी के लिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि इस हफ्ते एक करोड़ के कारोबार का अनुमान है। रामबाग में माला-फूल के थोक कारोबार करने वाले शिवकुमार गुप्ता का कहना है कि उन्हें मंदिरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के दो दर्जन से अधिक ऑर्डर मिले हैं। करीब 100 क्विंटल फूलों की बुकिंग हो चुकी है। माला फूल के कारोबार से जुड़े बबलू माली के मुताबिक सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर आदि को सजाने के लिए फूलों का बड़ा ऑर्डर मिला है। दो संस्थाओं ने अयोध्या के लिए फूलों का ऑर्डर दिया है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को सिविल लाइंस में कार्यक्रम का आयोजन किया। दीप, पटाखे और ध्वज वितरित किए। बताया कि 20 जनवरी को सारस्वत पैलेस सैंड आर्टिस्ट भगवान श्रीराम के मंदिर का भव्य प्रारूप बनाएंगे। महानगर अध्यक्ष नीरज जायसवाल, स्वाती निरखी, पार्षद पंकज जयसवाल, रमेश केसरवानी, विपिन गुप्ता, उज्ज्वल सचदेवा, आशुतोष सिंह आदि मौजूद रहे। इधर, शहर पश्चिमी व्यापार मंडल की ओर से सुलेम सराय में अध्यक्ष अतुल केसरवानी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर 22 जनवरी को दीपावली तरह घरों को सजाने की अपील की गई। तय हुआ कि 21 जनवरी को सिविल लाइंस 11 बजे सुबह में शोभा यात्रा निकाली जाएगी।