प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के नैनी कोतवाली क्षेत्र के मडौका में शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अज्ञात कारणों से दफ्ती के गोदाम में आग लग गई। आग लगने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए और फायर स्टेशन नैनी को सूचना दी गई। फायर स्टेशन नैनी के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल फायरबिग्रेड की गाड़ियां लेकर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। फायरब्रिगेड की चार गाड़ियों की मदद से करीब आठ घंटों की मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ आर के पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह नैनी फायर स्टेशन को सूचना मिली कि महेवा डांडी (मडौका) में गंगाधर मिश्रा के मां गंगा जमुना ट्रेडिंग कंपनी में आग लग गई है। सूचना पर फायरकर्मी फायरबिग्रेड की चार गाड़ियों के साथ पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। दफ्ती के बंडलों को हटा हटाकर करीब आठ घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर पुलिस टीम व फायरकर्मी मौजूद रहे।