कौशांबी (राजेश सिंह)। मंझनपुर में स्थित वन स्टाप सेंटर से शुक्रवार को तीन लड़कियां फरार हो गईं। बताया जा रहा है कि किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर लड़कियां ऊंची चहारदीवारी को फांदकर कहीं चली गईं। सुबह इसकी जानकारी होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। लड़कियों का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन कर कर दिया गया। कई घंटे की खोजबीन के बाद पुलिस ने आखिरकार लड़कियों को प्रयागराज से बरामद कर लिया।
लावारिस या घर से गायब लड़कियों के बरामद होने के बाद उन्हें बयान दर्ज होने तक वन स्टाफ सेंटर में रखा जाता है। कौशाम्बी के मंझनपुर में स्थित वन स्टॉप सेंटर में बड़ी इस समय कई लड़कियों को आवासीत किया गया है। शुक्रवार की देर रात तीन लड़कियां सेंटर से भाग गईं।
सूत्रों ने बताया कि लड़कियों को केंद्र के दूसरे तल पर कमरे में रखा गया था। कमरे का दरवाजा प्लाईवुड का लगाया गया था। पेचकस या चम्मच के माध्यम से कुंडी का स्क्रू खोलकर लड़कियां नीचे आ गईं। यहां पर ऊंची दीवार और उसके ऊपर कंटीले तार लगे होने के बावजूद लड़कियां दीवार फांदकर भाग निकलीं। सुबह तीन लड़कियों का पता न चलने पर हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी जब जिला प्रोबेशन अधिकारी को मिली तो पुलिस को बताया गया।
पुलिस ने मौके पर आकर अन्य लड़कियों और सेंटर के स्टाफ से पूछताछ की। लड़कियों की सकुशल बरामदगी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। दोपहर में लड़कियों को प्रयागराज से बरामद कर लिया गया।
सीओ कौशाम्बी अभिषेक सिंह ने कहा कि लड़कियों के गायब होने की सूचना मिलने के बाद कई टीमों का गठन किया गया था। लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि किन परिस्थितियों में उन लोगों ने ऐसा कदम उठाया। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।