Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

मातम में बदली दीपावली की खुशियां: प्रयागराज में स्नान के दौरान गंगा में डूबीं तीन सगी बहनें

SV News

एक को मल्लाहों ने बचाया, दो के निकाले गए शव, मचा कोहराम 

प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिले में दिवाली पर एक परिवार में मातम पसर गया। दिवाली की शाम तीन सगी बहने हंडिया के बढौली गांव में गंगा घाट पर स्नान करने पहुंच गईं। देशराज पांडेय की बेटियां शुभी पांडेय (16), नित्या (10) और रितिका पांडेय (9) गंगा में स्नान करते समय डूब गईं। नहाते वक्त शुभी और नित्या गहरे पानी में समा गईं जिससे दोनों की मौत हो गई जबकि तीसरी बहन रितिका को मल्लाहों ने बचा लिया। हादसा गुरुवार शाम को हुआ। पूरी रात शव की तलाश चली। देर रात शुभी और नित्या के शव बरामद हो गए। दो सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। डूबने से बचाई गई तीसरी बहन रितिका को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे से पूरे गांव में मातम है।
गंगानगर के हंडिया थाना क्षेत्र के बढौली गांव के रहने वाले देशराज पांडेय की पांच बेटियां हैं। गुरुवार रात दिवाली की पूजा की तैयारी चल रही थी। इसी बीच तीन बहनों ने गंगा स्नान कर पूजा में बैठने की सोची। तीनों घर से निकल घाट पर पहुंच गईं। नहाते नहाते दस साल की नित्या डूबने लगी। उसने शोर मचाया तो बड़ी बहन शुभी उसे बचाने आगे बढ़ी। इसी बीच रितिका भी डूबने लगी। तीन बहनों के डूबने से घाट पर हंगामा मच गया। शोर सुनकर मल्लाह पानी में कूद पड़े। मशक्कत के बाद रितिका को गंगा से निकाला गया। जबकि शुभी और नित्या का पता नहीं चला। खबर पाकर बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंच गए। मल्लाह और गोताखोर बुलाए गए। देर रात शुभी और नित्या के शव भी बरामद हो गए। शुक्रवार को आसपास के गांव के लोगों को जानकारी हुई तो वह देशराज पांडेय के घर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मचा है। गांव में भी मातम छाया है।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Top Post Ad