प्रयागराज (राजेश सिंह)। बॉलीवुड के निर्माता निदेशक अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मणों पर की गई टिप्पणी पर परशुराम दल से जुड़े लोगों ने खासी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया में भी अनुराग कश्यप को लेकर लोगों ने खूब कमेंट किए हैं। वहीं सिविल लाइंस में परशुराम दल ने अपनी नाराजगी अनुराग कश्यप का पुतला दहन करने के साथ जताई।
दरअसल अनुराग कश्यप पर आरोप है कि उन्होंने ब्राह्मण समाज पर बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है। सोशल मीडिया पर भी अनुराग कश्यप के इस कमेंट को लेकर लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। फिलहाल उनके द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सुभाष चौराह सिविल लाइंस में परशुराम दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगाधर शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान अनुराग कश्यप का पुतला भी फूंका गया। यहां गंगाधर शर्मा ने कहा कि अनुराग कश्यप ने जो टिप्पणी की उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर परशुराम दल के संयोजक राम जी त्रिपाठी, सहसंयोजक बसंत कुमार तिवारी, प्रकाश पांडेय, अमित द्विवेदी, अश्वनी तिवारी, मनीष देव मिश्रा, हिमांशु पांडेय, अजय त्रिपाठी, सौरभ मिश्रा आदि मौजूद रहे।