प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिले में एक कमरे के अंदर बिस्तर पर युवक का शव पड़ा मिला है। दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने झांका तो सहम गए और हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। इन दिनों किराए के कमरे में अकेले रहता था। तीन दिनों से वह पड़ोसियों को नहीं दिखा। कमरा अंदर से बंद था और दुर्गंध आने लगी तो आसपास के लोग सशंकित हो गए। खिड़की से अंदर झांका तो बिस्तर पर उसकी लाश पड़ी थी।
मिली जानकारी के अनुसार घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज बाजार स्थित भोले कालोनी में गुरुवार सुबह कमरे में युवक का शव देखा तो पुलिस को सूचित किया। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और जांच-पड़ताल शुरू की। घटना की जानकारी होने पर स्वजन भी मौके पर पहुंचे और बिलखने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की शिनाख्त बारा खास निवासी 23 वर्षीय लवकुश कुमार नाई पुत्र हौसला प्रसाद के रूप में हुई। लवकुश पिछले एक वर्ष से इरादतगंज बाजार स्थित भोले कालोनी में किराए का कमरा लेकर पत्नी चांदनी के साथ रहता था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार हाल ही में लवकुश की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था। प्रसव के बाद पत्नी मायके में रह रही थी। लवकुश कुमार की मां ललिता देवी ने बताया कि लवकुश अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रहना चाहता था। कुछ माह पहले वह पत्नी को लेकर सूरत में भी रहा। बाद में भोले कालोनी में किराए का कमरा लेकर रहने लगा। मृतक की मां ने बताया कि तीन दिन पूर्व बेटे ने फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही थी और रोने लगा था। इसके बाद फोन कट गया और संपर्क नहीं हो पाया। पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया कि युवक पिछले तीन दिन से दिखाई नहीं दिया था। घटना की सूचना पर पहुंची फारेंसिक टीम ने भी मौके की जांच की। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।