Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प साथ भाजपा करेगी पदयात्रा, कल ‘रन फार यूनिटी’ से होगी शुरुआत

sv news

लखनऊ। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को जिले स्तर पर ‘रन फार यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भाजपा 10 नवंबर से विधान सभा स्तर पर पदयात्राओं की शुरुआत करेगी, जो ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंगी। इन यात्राओं का उद्देश्य लौहपुरुष के योगदान से समाज को जोड़ना और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाना है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में सरदार पटेल 150वीं जयंती समारोह अभियान की समीक्षा बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, दृढ़ संकल्प और त्याग का प्रतीक है। भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि यह संस्कार, सेवा और समर्पण का आंदोलन है। ‘रन फार यूनिटी’ में खिलाड़ी, किसान, शिक्षक, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, मजदूर, उद्यमी, युवा और महिलाएं सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी।

पदयात्राएं आठ किलोमीटर की होंगी, जिनमें चार पड़ाव रखे जाएंगे। हर पड़ाव पर सभा और अंत में बड़ी जनसभा आयोजित होगी। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व और उनके विचारों का मंचन किया जाएगा।

बंसल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले, और हर गांव, नगर व मोहल्ले में सरदार पटेल के विचारों की ज्योति प्रज्ज्वलित हो।

प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रभारी संजय राय ने बताया कि ‘रन फार यूनिटी’ में प्रदेश सरकार के मंत्री, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता प्रत्येक जिले में भाग लेंगे। पदयात्राओं में मंत्री भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश, क्षेत्र, जिला, विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Top Post Ad