मुजफ्फरपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रंजन कुमार के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राजद, कांग्रेस और सपा समेत महागठबंधन के सभी दलों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि 1992-2005 के बीच राजद के शासनकाल में बिहार में मुख्य उद्योग अपहरण बन चुका था। इस दौरान 30 हजार से अधिक अपहरण और 60 से अधिक जातीय नरसंहार की दुर्दांत वारदातें घटी। आज प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। यह विपक्ष को अच्छा नहीं लग रहा है।
उन्होंने आगे कहा राजद के शासनकाल में यहां के डीजीपी को मुंशी और मुख्य सचिव को बाबू कहकर संबोधित किया जाता था। कोई आईएएस, आईपीएस या प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारी बिहार में काम करने से कतराते थे। क्योंकि इनसे नेताओं की पीकदानी उठवाने का काम किया जाता है। जबकि 2005 के बाद बिहार में तेजी से परिस्थितियां बदलने लगी। यहां शासन प्रशासन का राज कायम होने लगा।
साथ ही उन्होंने कहा विकास के क्षेत्र में हर दिन बिहार तरक्की के पथ पर चल रहा है। सड़क की कनेक्टिविटी हो या जलमार्ग, रेलमार्ग सभी क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है। जबकि राजद के शासनकाल में जब सड़क बनाने की मांग की जाती थी तो ये लोग कहते थे कि सड़क बनाएंगे और कुछ घटना घटेगी तो पुलिस तुम लोगों तक तुरंत पहुंच जाएगी। इसलिए विकास का कोई काम नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि इन खानदानी लुटेरों ने खानदानी माफियाओं को जन्म दिया। यही इनका मुख्य कार्य था और अब फिर से ये इसी को दोहराने वाले हैं। उन्होंने सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बनाने की बात की। एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील करने के बाद वे यहां से रवाना हो गए।
