प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी कोतवाली क्षेत्र के महेवा घाट पर अकेले नहाने गया युवक अचानक से गश खाकर यमुना नदी में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर जुटी भीड़ ने शोर मचाया तो मौजूद रही पुलिस ने जल पुलिस की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया, लेकिन युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिनाख्त कर घरवालों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नैनी महेवा पूर्व पट्टी का रहने वाला राजकुमार 27 वर्ष पुत्र स्वर्गीय राम बहादुर दो भाई थे। मृतक राजकुमार शनिवार को महेवा घाट स्नान करने अकेले गया हुआ था। यमुना नदी में स्नान के दौरान उसे मिर्गी आ गई और वह पानी में गश खाकर गिरा और डूब गया। इसके बाद वह पानी से बाहर नहीं निकल सका। घाट पर रहे लोगों ने शोर मचाया तो मौजूद पुलिस ने तत्काल जल पुलिस की मदद से शव को बाहर निकलवाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से मृतक के बारे में जानकारी कर उसके परिजनों को सूचना कर दी। घाट पर परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घरवालों के मुताबिक मृतक राजकुमार मिर्गी रोग से परेशान था। वह अक्सर सड़क पर भी गिर जाता था। उसका इलाज भी चल रहा था। शनिवार को देव उठावनी एकादशी पर महेवा घाट पर अकेले नहाने गया हुआ था। इस दौरान वह पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई।
