प्रयागराज (राजेश सिंह)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं इस बार होली पर बच्चों की मौज मस्ती में कोई खलल नहीं डालेंगी। हाई स्कूल और इंटर के परीक्षार्थी होली पर जमकर मौज मस्ती कर सकेंगे। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी।
इस बार चार मार्च को होली पड़ रही है। इससे एक से छह मार्च के बीच कोई पेपर नहीं रखा गया है।इस वर्ष परीक्षाएं पिछले साल की तुलना में छह दिन अधिक चलेंगी। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 8.30 से 11.45 एवं दिन में दो से 5.15 बजे के बीच होंगी।
प्रमुख विषयों के बीच है अंतराल
इस बार प्रमुख विषयों की परीक्षाओं के बीच परीक्षार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त अंतराल भी मिला है। हाईस्कूल की बात करें तो 18 फरवरी को परीक्षा की शुरुआत हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी से होगी। इसके बाद अंग्रेजी की परीक्षा 23 फरवरी को होगी। विज्ञान की परीक्षा 25 व इसके बाद गणित की 27 फरवरी को होगी।
इंटरमीडिएट की परीक्षा भी 18 फरवरी को हिंदी से शुरू होगी। इसके बाद अंग्रेजी की परीक्षा 20 फरवरी को होगी। जीव विज्ञान एवं गणित की परीक्षा 23 फरवरी को होगी। वहीं, रसायन विज्ञान की 25 व भौतिकी की 27 फरवरी को परीक्षा होगी। इस तरह से प्रमुख विषयों को परीक्षाएं लगातार नहीं रखी गई हैं।
होली से पहले संपन्न हो जाएंगी प्रमुख परीक्षाएं
वर्ष 2026 में होली चार मार्च को है। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के बीच में होली का त्योहार पड़ेगा। हालांकि, प्रमुख विषयों की परीक्षाएं इससे पहले समाप्त हो जाएंगी। हाईस्कूल की होली के बाद सात मार्च को वाणिज्य की परीक्षा है। इसके बाद उर्दू, चित्रकला, रंजन कला, संगीत गायन, पालि, अरबी, फारसी, कृषि जैसे विषयों की परीक्षाएं हैं, जिसमें विद्यार्थियों की संख्या कम होगी।
इंटरमीडिएट में भी होली के बाद वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों परीक्षाएं होंगी। व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विषयों का भी अंतिम पेपर भी सात मार्च को होगा। सात को ही मानवविज्ञान की परीक्षा होगी। मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, तर्कशास्त्र की परक्षाएं नी मार्च को होंगी। 10 मार्च को गृहविज्ञान एवं 12 मार्च को कंप्यूटर की परीक्षा होगी। इनके अलावा चित्रकला, चित्रकला प्राविधिक, रंजन कला, मानवविज्ञान, भाषा, कृषि गणित, कृषि रसायन, प्रारंभिक सांख्यिकी आदि विषयों की परीक्षाएं होंगी।
