प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी के दूरवाणी नगर स्थित एक मकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 35 हजार रुपए नकद चुरा लिए। घटना के समय मकान मालिक अपने पैतृक गांव गए हुए थे।
प्रार्थी अशोक कुमार ने नैनी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके फूफा राजकपुर गौतम, पुत्र शिवचंद्र राम, जो मूल रूप से बलिया के राजमलपुर के निवासी हैं, नैनी में रहते हैं।
राजकपुर गौतम 5 नवंबर 2025 को अपने पैतृक गांव में तेरहवीं और बरखी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान 9 नवंबर 2025 की मध्यरात्रि में अज्ञात चोरों ने दूरवाणी नगर, पी. डी. ए. कॉलोनी स्थित उनके मकान नंबर 40-4G36 का ताला तोड़ दिया।
चोरों ने घर के अंदर से लगभग 32 ग्राम सोने का हार, 10 ग्राम सोने की मांगटिका, 5 ग्राम सोने की अंगूठी, लगभग 250 ग्राम चांदी की पायल, 300 ग्राम चांदी की करधनी और 35 हजार रुपए नकद चुरा लिए। चोरी की इस घटना से राजकपुर गौतम को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
अशोक कुमार की शिकायत पर नैनी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।
