पर्यटन महानिदेशक राजेश कुमार ने दी जानकारी, विदेशी पर्यटक बढ़ेंगे
मिर्जापुर (राजेश सिंह)। चुनार दुर्ग को हेरिटेज होटल के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी और विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। यह जानकारी पर्यटन महानिदेशक राजेश कुमार ने चुनार दुर्ग के निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने बताया कि भविष्य में पर्यटकों की सुविधा के लिए बालू घाट की ओर से गंगा छोर वाला दुर्ग का मुख्य द्वार खोला जाएगा। इससे सोनवा मंडप और भर्तृहरि समाधि तक पहुंच आसान हो जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने दुर्ग के सोनवा मंडप, घड़ी, बावली और भर्तृहरि की समाधि सहित विभिन्न दर्शनीय स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने दुर्ग में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। वर्तमान में डाकबंगला कहलाने वाले भवन को धूपको रेस्टोरेंट के रूप में विकसित करने की योजना है, जबकि दुर्ग के दक्षिणी हिस्से को हेरिटेज होटल के रूप में संवारा जाएगा।
राजस्थान के एमआरएस ग्रुप की सूर्यगढ़ कलेक्शन चुनार फोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा दुर्ग को पीपीपी मॉडल पर हेरिटेज होटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस अवसर पर तहसीलदार इवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार कल्पना, वाराणसी के पर्यटन अधिकारी नवीन कुमार सिंह और बलिया के पर्यटन अधिकारी रूपेश कुमार भी उपस्थित रहे।
