कहीं इसके पीछे मंदिर से जुड़ी किंवदंति तो नहीं!
प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के थाना बारा क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बारा तहसील
क्षेत्र के ग्राम पंचायत छीड़ी में प्राचीन पथरबंदी महादेव मंदिर स्थित है। मंदिर में शनिवार रात अज्ञात लोगों ने खुदाई का प्रयास किया गया। पुलिस ऐसी हरकत करने वालों की तलाश कर रही है। सुबह इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस फोर्स ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर के पीछे की ओर मिट्टी खोदने से मंदिर के ढांचे को आंशिक क्षति पहुंची है। ग्राम प्रधान सतीश गुप्ता ने बताया कि पथरबंदी महादेव मंदिर काफी प्राचीन है। इसकी स्थापत्य शैली खजुराहो के सूर्य मंदिर से मिलती-जुलती प्रतीत होती है। मंदिर की दीवारों और पत्थरों पर उकेरे गए शिल्प और लेख भी इसकी प्राचीनता के प्रमाण देते हैं।
बताया जाता है कि इस मंदिर के पास स्थित परवेजाबाद ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक मंडपिया ढांचा बना है। इसके बारे में कहा जाता है कि वहां से मंदिर तक एक पुरानी सुरंग जाती है। ग्रामीणों के बीच वर्षों से यह चर्चा रही है कि मंदिर के नीचे कोई खजाना छिपा है।
लगभग एक वर्ष पूर्व भी कुछ बाहरी लोग इस स्थान पर आए थे, जिन्होंने दावा किया था कि किसी तांत्रिक ने उन्हें बताया है कि यहां धन-संपदा दबी है। तब ग्रामीणों ने उन्हें वहां से भगा दिया था। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में खोदाई ताजा प्रतीत हो रही है। फिलहाल अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही है। मंदिर की ऐतिहासिकता और धार्मिक आस्था को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्राचीन पथरबंदी महादेव मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी आस्था है। हर सावन, शिवरात्रि और विशेष अवसरों पर हजारों श्रद्धालु यहां जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चाहे खजाना हो या न हो, यह मंदिर स्वयं आस्था और इतिहास का खजाना है।
