Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

एलपीजी संकट के बीच जमाखोरों खिलाफ एक्शन तेज

sv news


देश के अलग-अलग राज्यों में ताबड़तोड़ छापामारी

नई दिल्ली। पर्याप्त भंडार होने के बावजूद रसोई गैस सिलिंडरों की कमी ने सरकार को चिंता में डाल दिया है। इस समस्या से निपटने के लिए तमाम प्रयासों के साथ रसोई गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर रसोई गैस सिलिंडर जब्त किए गए।

उत्तर प्रदेश में 1483 स्थानों पर छापामारी

उत्तर प्रदेश में एलपीजी सिलिंडरों की कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में शुक्रवार को 1483 स्थानों पर छापामारी हुई थी। शनिवार को भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई।

खुर्जा में शिवांश भारत गैस एजेंसी पर छापा मारकर अवैध गैस रिफिलिंग का पर्दाफाश किया गया। मौके से विभिन्न कंपनियों के करीब 1000 सिलिंडर और गैस चोरी के उपकरण बरामद किए गए। गैस ट्रांसफर करने के 32 रिफिलर यंत्र और तीन बड़े पाइप जब्त किए हैं। एजेंसी संचालक पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

बिजनौर में शुक्रवार रात एक गैस एजेंसी पर छापेमारी में भरे हुए 26 और 30 खाली सिलिंडर मिले। औरैया में एक मकान से 19 गैस सिलिंडर व 800 लीटर डीजल बरामद किए जाने के बाद गैस एजेंसी व उसके कर्मचारी समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। सुल्तानपुर में दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। यहां 42 सिलिंडर जब्त किए गए थे।

बिहार में छापामारी

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक व्यक्ति के घर से 42 खाली सिलिंडर जब्त किए गए। मधुबनी के लखनौर में 24, रोहतक में 10, सहरसा में 112 सिलिंडर जब्त किए गए। विभिन्न जगहों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मध्य प्रदेश में 11 स्थानों पर 228 सिलिंडर जब्त किए गए हैं। हरियाणा में अंबाला, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, भिवानी, सिरसा समेत तमाम जिलों में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जांच अभियान चलाया।

ओडिशा में 161 रसोई गैस सिलिंडर के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार किया गया है। बुर्ला में मंथन कुमार महतो ने एक गोदाम बना रखा था, जहां से अवैध रूप से गैस सिलिंडरों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। उसके पास से 62 भरे हुए और 99 खाली सिलिंडर मिले हैं।

उत्तराखंड में खाद्य आपूर्ति विभाग ने पिछले तीन दिन में 480 स्थानों पर निरीक्षण और 85 स्थानों पर छापेमारी की है, जिसमें 80 सिलिंडर, एक कांटा व दो रीफिलंग किट जब्त की गई है। कालाबाजारी रोकने के लिए गोदाम से सिलिंडर वितरण पर रोक लगा दी गई है। ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।


إرسال تعليق

0 تعليقات

Top Post Ad