Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग भी मुश्किल, एजेंसियों के चक्कर काट रहे उपभोक्ता

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध का असर अब घरों के चूल्हे तक पहुंच चुका है। एलपीजी सिलिंडर का दाम बढ़ने के बाद बुकिंग में भी समस्या आ रही है। लोगों को सिलिंडर के ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गैस एजेंसियों कार्यालय से सर्वर न चलने की समस्या बताई जा रही है।
जिन लोगों ने एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़ने वाली तारीख यानी सात मार्च से एक या दो दिन पहले बुकिंग करवा ली थी, उन्हें बढ़े हुए दाम का संशोधित बिल तो मोबाइल पर मिल गया, लेकिन सिलिंडर की डिलीवरी आसानी से नहीं हो पा रही है। वो भी एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। जिन घरों में शादियां या अन्य कार्यक्रम हैं उनके परिजन, रेस्टोरेंट व होटल संचालक सिलिंडर के लिए परेशान हैं।

वहीं, गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक प्लांट से ही सिलिंडर की कम सप्लाई हो रही है। नए नियमों के मुताबिक, घरेलू उपभोक्ताओं को सिलिंडर की सप्लाई में प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि व्यावसायिक सिलिंडर बहुत कम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नए नियम के तहत 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर उपलब्ध हो सकेगा।
सिविल लाइंस में मेरा रेस्टोरेंट है। मंगलवार तक तो काम चल गया, लेकिन अब कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं उपलब्ध हो रहा है। गैस एजेंसी की ओर से दो दिन बाद सिलिंडर दिए जाने की बात कही जा रही है। - आरके सिंह, रेस्टोरेंट संचालक

एलपीजी सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। गैस एजेंसी के कार्यालय में आकर पूछने पर सर्वर की दिक्कत बता रहे हैं। यदि एलपीजी सिलिंडर नहीं मिला तो कैसे काम चलेगा। - देवेंद्र आर्य, स्थानीय निवासी

एलपीजी सिलिंडर बुक किया तो डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) ही नहीं आया। इसके बिना सिलिंडर नहीं मिल सकेगा। गैस एजेंसी के कार्यालय में आकर पूछने पर सर्वर की दिक्कत बता रहे हैं। - सरताज अहमद, स्थानीय निवासी

पिछले कुछ दिनों के दौरान एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई कम हुई है। कॉमर्शियल सिलिंडर प्लांट से एजेंसी तक नहीं पहुंच रहे, लेकिन नए नियमों के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कई शहरों के मुकाबले जिले में एलपीजी सिलिंडर को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। जो दिक्कत आ रही हैं, शीघ्र उसमें सुधार हो जाएगा। - कविता यादव त्रिपाठी, गैस एजेंसी संचालिका

यह वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना और इस समय एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई में नए नियम लागू किए गए हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई आवश्यकता के मुताबिक की जा रही है। - मोहित मिश्रा, मंडल महामंत्री, ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन फेडरेशन

एलपीजी गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। विवाह घर और होटल आदि में कॉमर्शियल गैस सिलिंडर का ही उपयोग होता है। सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाना चाहिए ताकि जिनके यहां शादी है, उन लोगों को परेशानी ना हो। - महेंद्र गोयल, प्रदेश अध्यक्ष, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स

एलपीजी सिलिंडर का दाम बढ़ने और 25 दिनों बाद ही दूसरा एलपीजी सिलिंडर मिलने के तहत सिस्टम को अपग्रेड किया जा रहा है। पश्चिम एशिया में युद्ध से एलपीजी गैस की सप्लाई पर फर्क पड़ रहा है। वहीं, होली के त्योहार के दौरान छुट्टियों की वजह से भी सप्लाई पर फर्क पड़ा है। मौजूदा हालात में घरेलू उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कुछ बदलाव जरूरी है। - राजन रंजन, एलपीजी हेड, इंडियन ऑयल

प्रयागराज से 11 जिलों की सप्लाई पर पड़ सकता है असर

झूंसी के त्रिवेणीपुरम स्थित गैस प्लांट से प्रयागराज समेत 11 जिलों में गैस सिलिंडर की आपूर्ति होती है। शहर व आसपास की 289 एजेंसियों में सिलिंडर की आपूर्ति यहीं से होती है। 100-110 ट्रकों से 35000 गैस सिलिंडर की रिफिलिंग कर प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, भदोही, एमपी, चित्रकूट और प्रयागराज समेत 11 शहरों में सप्लाई की जाती है। झूंसी गैस प्लांट के मैनेजर राजेश जौहरी ने बताया कि पटना, दुर्गापुर, मुजफ्फरपुर और मथुरा से टैंकर रोजाना आता है। एक दिन में 32 से 40 टैंकर खाली किया जाता है। 280 टन एलपीजी प्लांट के स्टोरेज टैंक में डाला जाता है। अभी तक एलपीजी को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं है। हालांकि, जंग लंबी खिंची तो आने वाले दिनों में दिक्कत हो सकती है। 

सिलिंडर की जमाखोरी रोकने के लिए तीन टीम गठित

पश्चिम एशिया के हालात के मद्देनजर पेट्रोल-डीजल व एलपीजी सिलिंडर की सुलभ उपलब्धता बनाए रखने के लिए आपूर्ति विभाग ने तीन टीम गठित की हैं। ये टीम जमाखोरी आदि पर निगरानी रखेंगी और शिकायत पर कार्रवाई करेंगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने टीम को निर्देश दिए हैं कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, गैस एजेंसियों के गोदामों आदि में छापा व जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षकों, पेट्रोलियम कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर, बाटमाप निरीक्षक को शामिल किया गया है। दो में सात-सात व एक टीम में आठ सदस्य हैं।
रसोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। ऑनलाइन बुकिंग में तकनीकी गड़बड़ी के कारण उपभोक्ताओं को महंगे दामों पर सिलिंडर खरीदने पड़ रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी की अध्यक्षता में आईओसीएल, बीपीसीएल व एचपीसीएल (एलपीजी) विपणन/आपूर्ति शाखा के सभी क्षेत्रीय बिक्री अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
बिक्री अधिकारियों ने दावा किया कि प्रयागराज के समस्त एलपीजी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति शत-प्रतिशत की जा रही है। पेट्रोलियम कंपनियों के पास आमजन को कनेक्शनों के सापेक्ष एलपीजी सिलिंडर आपूर्ति के लिए पर्याप्त भंडारण है। 

उपभोक्ताओं से अपील, स्मार्ट बुकिंग मोड एप से करें बुकिंग

आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे संबंधित अधिकृत एलपीजी वितरक से मोबाइल के द्वारा या स्मार्ट बुकिंग मोड एप के माध्यम से गैस रिफिल बुक कराकर नियमानुसार सिलिंडर प्राप्त करें। अग्रिम एलपीजी रिफिल बुकिंग 25 दिनों बाद ही करें। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर/ गैस कंपनी के अधिकृत वेंडर/ हॉकर के माध्यम से ही गैस सिलिंडर रिफिल प्राप्त करें।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Top Post Ad