प्रयागराज (राजेश सिंह)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हालैंड हॉल हॉस्टल के एक छात्र पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। आरोपितों पर हॉस्टल के बाहर वारदात को अंजाम देने के बाद छात्र को धमकी भी दी। प्रमदाचरण बनर्जी छात्रावास के अतःवासी कुछ छात्रों पर आरोप है। कर्नलगंज पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज करके जांच-पड़ताल कर रही है।
बताया गया है कि कौशिक प्रताप पुत्र राकेश कुमार सोराव उग्रसेनपुर प्रयागराज का निवासी है। वह वर्तमान समय में इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक विज्ञान वर्ग प्रथम वर्ष का छात्र है और हालैंड हाॅल छात्रावास के कक्ष संख्या 38 का अंतःवासी है।
कौशिक प्रताप का आरोप है कि छह अप्रैल की शाम प्रमदाचरण बनर्जी छात्रावास के अतःवासी हिमांशु त्रिपाठी, आयुष पाल, शास्वत पांडेय, श्रीनाथ सिंह, अकुल पटेल कई अज्ञात लोगों ने हॉस्टल के बाहर उसे रोक लिया। जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज किया और कांच की बोतल, लोहे की राड से जानलेवा हमला किया। इससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटे आई है।
कौशिक प्रताप का यह भी आरोप है कि मारपीट करने के बाद हमलावरों ने जाते-जाते उसे धमकी भी दी कि अगर कुछ कार्यवाही करोगे तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित की तहरीर पर कर्नलगंज थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
