प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार का स्थानांतरण किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शासकीय कार्य और जनहित में यह आदेश जारी किए हैं। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, श्रीमती प्रेरणा गौतम को उप जिलाधिकारी/ उप जिला मजिस्ट्रेट, बारा से हटाकर अपर उप जिलाधिकारी सदर, प्रयागराज बनाया गया है। वहीं, अपर उप जिलाधिकारी सदर, प्रयागराज रहे श्री गणेश कनौजिया को उप जिलाधिकारी / उप जिला मजिस्ट्रेट, बारा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त, उप जिलाधिकारी (न्यायिक), बारा, प्रयागराज के पद पर तैनात श्री चन्दन यादव अपने पद के साथ-साथ अगले आदेश तक तहसीलदार बारा का कार्य भी देखेंगे।
तहसीलदार स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। सुश्री रोशनी सोलंकी को तहसीलदार बारा से हटाकर अपर प्रभारी अधिकारी राजस्व अभिलेखागार, कलेक्ट्रेट, प्रयागराज के पद पर संबद्ध किया गया है।
नायब तहसीलदार धनूपुर, तहसील हण्डिया के श्री राजेश कुमार को भूलेख कार्यालय, प्रयागराज से संबद्ध किया गया है। तहसीलदार हण्डिया श्री रवि प्रकाश सिंह अपने वर्तमान कार्य के साथ-साथ नायब तहसीलदार धनुपुर का कार्य भी संपादित करेंगे।
