प्रयागराज (राजेश सिंह)। रविवार को टोंस नदी का पानी स्थिर रहा। किनारे से पानी उतरने की रफ्तार धीमी है। गंगा का जलस्तर बढ़ने पर टोंस नदी के पानी में भी बढ़ोतरी होगी। क्षेत्र के नदी किनारे बसी बस्तियों के अंदर पानी नहीं पहुंचा था जिसके कारण वहां पर अभी समस्या नहीं है।
हथसरा गांव में पुलिया के ऊपर पानी भर गया था जिसके कारण आवागमन बंद हो गया था। कचरी भगेसर संपर्क मार्ग पर अब भी पानी भरा हुआ है जहां पर ग्रामीणों को आवागमन करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस समय पानी का बहाव कम हो गया है। जबकि तीन-चार दिन पहले पानी का बहाव तेज होने के कारण नदी के किनारे जमकर कटान हुआ है। मेडरा ,कटका, देहली, महेवा, हथसरा, पनासा, लोहंदी, अरई, बघेड़ा, सुलमई आदि गांवों में काटन और भूस्खलन की समस्या से बस्ती के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
वहीं तहसील प्रशासन बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण करने के लिए लेखपाल व नायब तहसीलदार के साथ स्थिति पर नजर रख रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा नदी का जलस्तर बढ़ेगा तो टोंस नदी के पानी में बढ़ोतरी होगी जिससे बाढ़ की समस्या होगी। अभी तक टोंस नदी के पानी से गांवों को नुकसान नहीं पहुंचा है। जिन रास्तों से ग्रामीणों का आवागमन होता था वहां पर बाढ़ का पानी भर गया। तहसील प्रशासन के द्वारा ग्रामीणों के आवागमन की सुविधा के लिए नाव का संचालन करवा रहा है।