Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

प्रयागराज में युवक को लगी गोली तो ममेरे भाई पर लगाया आरोप, मचा हड़कंप

SV News

आरोपित बोला- खुद गोली मारी और मुझे फंसा रहा 

प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिले के हरवारा में मंगलवार दोपहर एक युवक को गोली लग गई। गोली उसके कंधे के नीचे लगी। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धूमनगंज पुलिस को उसने बताया कि मामा के बेटे ने उसे गोली मारी है। पुलिस ने आरोपित को पकड़ा तो उसने बताया कि गोली लगने से जो घायल हुआ है, वह कई साल जेल में रहने के बाद जमानत पर छूटा है। खुद को गोली मारकर उसे फंसाया जा रहा है। कर्नलगंज के कटरा निवासी पवन के मामा राजकपूर का घर हरवारा धूमनगंज में है। मंगलवार दोपहर पवन मामा के घर पहुंचा। कुछ देर बाद राजकपूर के घर से गोली चलने की आवाज आसपास के लोगों ने सुनी तो वह घटनास्थल पर पहुंचे। पवन लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा था। उसे समीप के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पाकर इंस्पेक्टर धूमनगंज अमरनाथ राय मौके पर पहुंचे। घर में मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए तमंचा बरामद किया। इंस्पेक्टर धूमनगंज इसके बाद अस्पताल पहुंचकर पवन से पूछताछ की। उसने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर मामा के पुत्र राजन ने गोली मारी है। इसके बाद पुलिस ने राजन को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने कुछ और ही बताया। बोला कि पवन उसे फंसाना चाहता है, इसलिए खुद ही तमंचा निकालकर गोली मारी है। इंस्पेक्टर अमरनाथ राय का कहना है कि पवन हत्या के एक मामले में सात वर्ष से अधिक समय तक जेल में बंद रहा। जमानत पर वह जेल से बाहर आया है। पवन व राजन एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मामला पारिवारिक विवाद से ही जुड़ा लग रहा है। ऐसे में सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Top Post Ad