प्रयागराज (राजेश सिंह)। माफिया अतीक अहमद तो इन दिनों जेल में बंद है। उसके करीबी और गुर्गे प्रयागराज में आतंक फैला रहे हैं, मारपीट कर रहे हैं। ऐसी ही ताजा घटना शहर के सिविल लाइंस में हुई। होटल जेके पैलेस के निकट अतीक के करीबियों ने छात्र को इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अस्पताल में भर्ती है।
आरोप है कि माफिया अतीक अहमद के करीबियों ने हर्षित छाबड़ा की जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में जसप्रीत, अर्सलान, सत्येंद्र तिवारी, मो. आदिल व 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। दूसरे पक्ष ने भी पिटाई का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना चार दिन पहले हुई थी।
रेलवे कालोनी निवासी रीना छाबड़ा का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व रात में करीब नौ बजे उनके बेटे हर्षित काे जसप्रीत ने कई बार फोन किया और होटल जेके पैलेस के पास बुलाया। वहां अर्सलान, आदिल और उसके साथी पहले से मौजूद थे। उसके पहुंचने पर कहासुनी करने लगे और विरोध पर हर्षित की पग व केश खींचने लगे। धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और असलहा सटाकर मारपीट करने लगे। पिटाई से छात्र हर्षित को गंभीर चोट आई। यह भी आरोप है कि आरोपितों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। अर्सलान ने कहा कि वह पप्पू बेली का लड़का और आबिद प्रधान मरियाडीह का भांजा है। आबिद व पप्पू अतीक गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। अर्सलान और उसके साथी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस वीरेंद्र यादव का कहना है कि मारपीट में दोनों पक्षों को चोट आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर विवेचना की जा रही है।