प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज मे शाहगंज के इलेक्ट्रानिक मार्केट में शनिवार की रात एक जर्जर मकान की दीवार ढह गई। मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। उसका शव रविवार की सुबह बरामद हुआ। पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन व राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी है।
बताया गया है कि शाहगंज इलेक्ट्रानिक मार्केट में अविनाश सिंह का मकान जर्जर हो गया था, जिसे तोड़कर नया बनाने की तैयारी चल रही थी। नींव की खोदाई हो गई थी। शनिवार की शाम गाजीपुर के मुस्तफाबाद निवासी मजदूर रूदल और विजय कुमार कुछ काम कर रहे थे। विजय मकान के भीतर था, जबकि रूदल बाहर गुटखा लेने गया था। जब वह गुटखा खरीदकर दरवाजे से अंदर गया तो देखा कि पड़ोसी सौरभ नारायण के मकान की दीवार ढहने लगी। इस पर रूदल चीख उठा और विजय को भागने की बात कहते हुए खुद बाहर निकल गया।
हल्ला मचने पर आसपास के लोग भीतर गए तो दीवार ढह चुकी थी। सीओ सत्येंद्र तिवारी, सीएफओ आरके पांडेय, थानाध्यक्ष अश्वनी सिंह समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। मौके से भागने वाले मजदूर रूदल को खोजकर उससे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली गई। इसके बाद विजय के मोबाइल की लोकेशन और सीसीटीवी खंगाला गया। मलबा अधिक होने के कारण एसडीआरएफ को भी बुलाया गया। देर रात तक मजदूर विजय की तलाश होती रही।
सीओ सत्येंद्र तिवारी का कहना है कि रूदल खुद भागा था, लेकिन वह भागते हुए मुड़कर विजय को नहीं देख पाया था। टीम काम कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना था कि नींव खोदने के बाद दूसरे के मकानों की सुरक्षा को लेकर इंतजाम नहीं किया गया था। अगर ऐसा होता शायद हादसा होने से बच सकता था। चौंकाने वाली बात यह है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से कोई इंतजाम नहीं किया गया था।