प्रयागराज (राजेश सिंह)। कई दिनों के इंतजार के बाद बुधवार की सुबह प्रयागराज वासियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई जब आसमान में घिरे काले बादलों ने आखिरकार बरसना शुरू किया। बीते तीन दिनों से शहरवासी उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। तापमान लगातार चढ़ रहा था और वातावरण में नमी के चलते घर हो या बाहर, राहत की कोई गुंजाइश नहीं बची थी। लेकिन बुधवार की बारिश ने पूरे शहर को राहत की सांस दी।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जिससे रात में भी गर्मी का असर कम नहीं हो पा रहा था। वहीं, मौसम विभाग ने गुरुवार से भारी बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन राहत एक दिन पहले ही मिल गई।
सुबह-सुबह घने बादलों ने पूरे शहर को ढंक लिया बिजली के गर्जन के साथ तेज बारिश शुरू हो गईं। बारिश शुरू होते ही सड़कें भीग गईं, पेड़-पौधे धुलकर चमकने लगे और शहर की फिज़ा में एक नई ताजगी घुल गई। गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने जैसे ही बूंदों को अपनी त्वचा पर महसूस किया, चेहरे पर सुकून झलकने लगा।
बच्चे बारिश में भीगते नजर आए, वहीं कई बुजुर्ग छतों और बरामदों से इस नज़ारे का आनंद उठाते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की यही रफ्तार बनी रह सकती है और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो लोगों को आने वाले हफ्ते में गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।