Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

करछना बवाल: 10 को भेजा जेल, 25 से पूछताछ जारी, मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनापार के करछना-कोहड़ार मार्ग पर रविवार शाम हुए बवाल के मामले में मंगलवार को 10 और उपद्रवियों को जेल भेजा गया। जबकि 25 संदिग्धों से करछना व औद्योगिक क्षेत्र थाने में पूछताछ की जा रही है। उपद्रव में इन सभी के शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है। हालांकि, इनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य एकत्र करने के बाद ही पुलिस इन सभी को जेल भेजेगी। वहीं, पुलिस की टीमें लगातार मुख्य साजिशकर्ता करछना तहसील क्षेत्र के अध्यक्ष अभय उर्फ सोनू व उपाध्यक्ष प्रतीक देव वर्मन समेत अन्य उपद्रवियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं।
भड़ेवरा बाजार में हुए उपद्रव के दौरान पुलिस की चार जीपों के साथ ही 40 से अधिक वाहनों को जहां क्षतिग्रस्त किया गया था, वहीं दो दर्जन से अधिक बाइकें जला दी गईं थीं। दुकानों में तोड़फोड़ करने के साथ ही दुकानदारों व राहगीरों को पीटा गया था। इस पूरी घटना में 12 पुलिसकर्मी समेत 35 लोग जख्मी हुए थे। ढाई घंटे तक जमकर बवाल चला था। स्थानीय लोगों ने छिपकर अपनी जान बचाई थी। आसपास के गांव के रहने वाले लोगों ने पुलिस का सहयोग किया तो उपद्रवी भाग खड़े हुए थे।
घटना वाली देर रात इंस्पेक्टर करछना अनिल सरोज की तहरीर पर 54 को नामजद करते हुए 550 से अधिक अज्ञात के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद उपद्रवी चिह्नित होते गए और नामजद की सूची में उनका नाम बढ़ता गया। अब तक करीब 80 नामजद हो चुके हैं। सोमवार को 51 उपद्रवियों के बाद मंगलवार को दस और को जेल भेजा गया। अब यह संख्या 61 हो गई है। इसके अलावा 25 संदिग्धों को और पकड़ा गया है, जिनके बवाल में होने की संलिप्तता मिली है। इनमें से कइयों के खिलाफ पुलिस ने साक्ष्य भी एकत्र कर लिया है, जिनको बुधवार को जेल भेजा जाएगा।
बवाल में शामिल उपद्रवियों को लगातार चिह्नित किया जा रहा है। अब तक 170 से अधिक उपद्रवियों की पहचान की गई है। यह यमुनापार के विभिन्न गांव के रहने वाले हैं। इनकी पहचान फाेटाेग्राफ, वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से हुई है। रास्ताजाम से लेकर बवाल करने तक में यह शामिल थे। पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांव के लोगों की भी मदद ले रही है। इसके अलावा अब तक पांच मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एक मुकदमा इंस्पेक्टर करछना अनूप सरोज ने दर्ज कराया है, जबकि चार मुकदमा दूसरे लोगों की तहरीर पर लिखा गया है।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने कहा कि उपद्रवियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जा रहा है। जो भी तहरीर मिल रही है, मुकदमा भी दर्ज हो रहा है। दो मुख्य साजिशकर्ताओं की तलाश में पुलिस के साथ ही एसओजी को भी लगाया गया है। भड़ेवरा बाजार में शांति व्यवस्था कायम है। फोर्स को अभी वहीं तैनात किया गया है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad