प्रयागराज (राजेश सिंह)। एक बार फिर गंगा और यमुना के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। यह तीसरी बार है जब जलस्तर में कमी होने के बाद फिर दोनों नदियों में वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में गंगा फाफामऊ में 71 सेमी. बढ़ गईं और सोमवार की सुबह गंगा का जलस्तर 80.27 मीटर तक पहुंच गया। इस तरह छतनाग में 24 घंटे में 106 सेमी. की वृद्धि हुई है। अब छतनाग में गंगा का जलस्तर 79.97 मीटर पर पहुंचा है। इसी तरह यमुना का जलस्तर भी पिछले 24 घंटे में 114 सेमी. बढ़ गया है। यमुना अभी 80.42 मीटर पर बह रही हैं। अब जलस्तर में वृद्धि होने से कछारी इलाके में फिर से बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। तटीय इलाकाें में रहने वालों की मुश्किलें बढ़ने लगी है।
प्रयागराज में बाढ़ का पानी फिर से बढ़ने से अब बाढ़ राहत शिविरों को फिर एक्टिव किया जा रहा है। उधर जलस्तर बढ़ने से पुलिस की ओर से नाविकों को भी सचेत किया गया है कि जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए नावों का संचालन न हो तो बेहतर किया जाए। जल पुलिस की टीम लगातार भ्रमण कर रही है। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को सक्रिय रहने के लिए निर्देशित किया गया है।