नई दिल्ली। टीम इंडिया ने चौंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने रविवार को फाइनल में न्यूजीलैंड को 6 गेंदें शेष रहते 4 विकेट से मात दी। भारत सबसे ज्यादा बार चौंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने वाला देश बना।
भारत ने 12 साल बाद चौंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता और इसकी खुशी कप्तान रोहित शर्मा व स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के चेहरे पर साफ देखी जा सकती थी। दोनों ही अनुभवी खिलाड़ी बेहद खुश थे और रो-को के नाम से मशहूर रोहित-कोहली ने स्टंप के साथ डांडिया खेलकर जीत का जश्न मनाया। रोहित शर्मा और विराट कोहली के डांडिया खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
भारतीय टीम ने दुबई में चौंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतकर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। भारत ने तीसरी बार चौंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता और वो सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाला देश बना। भारत ने सबसे पहले 2002 में खिताब जीता था। तब वो श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता बना था। इसके बाद एमएस धोनी की कप्तानी में 2013 में भारत ने दूसरी बार खिताब जीता था।
न्यूजीलैंड से लिया बदला
यह जीत भारतीय टीम के लिए इसलिए भी विशेष रही क्योंकि उसने न्यूजीलैंड से 25 साल पुराना बदला ले लिया। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2000 में भी चौंपियंस ट्रॉफी फाइनल खेला गया था। तब भारत को न्यूजीलैंड के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। 25 साल बाद दोनों टीमें फाइनल में टकराई और इस मर्तबा भारत ने अपना बदला पूरा किया।
रोहित की बड़ी उपलब्धि
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चौंपियंस ट्रॉफी 2025 खिताब जीतकर अपने खाते में बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। रोहित शर्मा एक से ज्यादा आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले भारत के दूसरे कप्तान बन गए हैं। एमएस धोनी एकमात्र भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने अपने नेतृत्व में तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं।
महेंद्र सिंह धानी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चौंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता था। वहीं, रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2024 जीता और अब चौंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता।
ट्रॉफी जीतने वाले भारतीय कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी टी20 विश्व कप 2007
महेंद्र सिंह धोनी वनडे विश्व कप 2011
महेंद्र सिंह धोनी चौंपियंस ट्रॉफी 2013
रोहित शर्मा टी20 विश्व कप 2024
रोहित शर्मा चौंपियंस ट्रॉफी 2025
सौरव गांगुली चौंपियंस ट्रॉफी 2002
कपिल देव वनडे विश्व कप 1983