Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

कोटे के विकास कार्यों के आनलाइन टेंडर कराने से आक्रोशित पार्षदों ने किया प्रदर्शन

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। नगर निगम के पार्षद कोटा से कराए जाने वाले विकास कार्यों का आनलाइन टेंडर निकाले जाने से पार्षद नाराज हैं। इसके विरोध में उन्होंने बुधवार को नगर आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

नगर आयुक्त पर मनमानी का लगाया आरोप 

दोपहर 12 बजे नगर आयुक्त कक्ष के पास 70 से अधिक पार्षदों ने नगर आयुक्त पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए पार्षदों को उपेक्षित किए जाने का आरोप लगाया। पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि नगर निगम के अधिकारी चहेते ठेकेदारों को लाभ दिलाने के प्रयास में लगे हुए हैं। करीब एक घंटे विरोध प्रदर्शन किया गया।

सड़क पर उतरने की दी चेतावनी 

नगर आयुक्त साईं तेजा को ज्ञापन देते हुए पार्षदों ने कहा कि अगर पार्षदों की उपेक्षा होगी तो सभी स्वाभिमान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरे को मजबूर होंगे। पार्षदों ने आरोप लगाया कि 10 लाख रुपये का कोटा सदन के माध्यम से पार्षदों का निर्धारित किया गया है। वहीं नगर आयुक्त पांच वार्डों के विकास कार्यों को एक साथ जोड़कर आनलाइन टेंडर निकालने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर पार्षदों ने विरोध दर्ज कराया है।

नगर आयुक्त बोले- नियम के तहत निकाला जाएगा टेंडर

पार्षदों ने आरोप लगाया कि अपर नगर आयुक्त के इशारे पर नगर आयुक्त कार्य कर रहे हैं, जिससे नगर निगम की छवि धूमिल हो रही है। पार्षदों ने कहा कि निगम के कई अधिकारी नगर आयुक्त को गुमराह कर रहे हैं, जिससे निगम का माहौल खराब हो रहा है। नगर आयुक्त साईं तेजा का कहना है कि पार्षदों से वार्ता हो गई है। नियम के अनुसार ही टेंडर निकाल कर कार्य कराया जाएगा। 

क्या बोले पार्षद

शिवकुटी के पार्षद कमलेश तिवारी ने कहा कि पार्षदों के हितों को नजर अंदाज करने का प्रयास किया जा रहा है। बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए आनलाइन टेंडर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अटाला के शरफराज अहमद बोले कि टेंडर प्रक्रिया में निगम के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। चहेती फर्म को लाभ दिलाने के लिए लगातार पार्षदों की उपेक्षा की जा रही है। गंगा नगर के पार्षद भोला तिवारी का कहना है कि 10 लाख रुपये का कोटा पार्षदों का निर्धारित है। इसके वजूद अलग-अलग वार्डों के कार्यों को जोड़कर एक साथ टेंडर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

इन पार्षदों ने भी लगाया आरोप

चटभटाइ्र के पार्षद मयंक यादव का कहना है कि विकास कार्यों के टेंडर में निगम के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। नियमों को दर किनार करते हुए आनलाइन टेंडर निकाला जा रहा है। नगर आयुक्त पार्षदों के हितों की उपेक्षा कर रहे हैं। वहीं मलाकराज के पार्षद आकाश सोनकर ने कहा कि पांच वार्डों के विकास कार्यों का टेंडर एक साथ आनलाइन निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड अलग-अलग है तो विकास कार्य का टेंडर भी अलग-अलग होना चाहिए। सिविल लाइंस के पार्षद अमित सिंह बोले कि पार्षदों की मांगों को निगम के अधिकारी अनसुना कर रहे हैं। पार्षदों के अनुसार नहीं अधिकारी अपने अनुसार शहर में विकास कार्य कराने का प्रयास कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad