प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक वृद्ध और दूसरी वृद्धा थी। दोनों की जान वाहनों के टक्कर मारने से हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के टकटई गांव में शौच करके वापस लौट रहे 62 वर्षीय रामलाल को पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मारी। इससे उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के गाढ़ा कटरा गांव के पास हुई। चित्रकूट से शिवराजपुर की ओर तेज गति से जा रहे हाइवा ट्रक ने बालू की बोरिया भरने जा रही 60 वर्षीय सूरजकली पत्नी श्याम लाल निवासी गाढ़ा कटरा थाना शंकरगढ़ को जोरदार टक्कर मारी। इससे वह सड़क पर जा गिरीं। उनके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई। हाइवा ट्रक लेकर चालक भाग निकला।
