प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में महाराष्ट्र पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मीरा रोड पुलिस ने खेतों के बीच बने एक शेड में चल रही कथित ड्रग फैक्टरी का खुलासा करते हुए करीब 130 करोड़ रुपये की MD ड्रग्स बरामद की है। कार्रवाई के दौरान गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से जुड़े कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रयागराज के एक ग्रामीण इलाके में खेतों के बीच बने शेड को कथित तौर पर ड्रग्स तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां एमडी ड्रग्स के निर्माण का काम चलने की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र की मीरा रोड पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शेड की तलाशी ली। इस दौरान बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 130 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मीरा रोड पुलिस ने इस कार्रवाई को एक विशेष ऑपरेशन के तहत अंजाम दिया। प्रयागराज में चल रहे कथित ड्रग निर्माण नेटवर्क तक पहुंचने के बाद पुलिस ने मौके पर छापा मारा और बरामदगी की। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के तार उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित ड्रग नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और तैयार की गई ड्रग्स की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
