मांडा रोड, प्रयागराज (अनिल यादव)। क्षेत्र के नहवाई गांव निवासी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में तैनात जवान अखिलेश तिवारी उर्फ दीपू (40) का मंगलवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार अखिलेश तिवारी पुत्र जीत लाल तिवारी भारत-नेपाल सीमा पर पीलीभीत जिले में सिपाही के पद पर तैनात थे। कुछ दिन पूर्व ब्रेन हेमरेज होने के बाद उनका इलाज चल रहा था।
अखिलेश की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह छः भाइयों में चौथे स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी पूनम और 12 वर्षीय बेटा प्रतीक हैं। जवान की मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
निधन की सूचना मिलते ही गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के राकेश नाथ तिवारी, विकास तिवारी, दीपक तिवारी समेत अन्य लोगों ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
