प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगा का जलस्तर बढ़ने से सिक्स लेन पुल का काम अब प्रभावित नहीं होगा। बारिश के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने पर भी निर्माण तेजी से किया जाएगा। इसके लिए गंगा की बीच धारा में फ्लोटिंग बैराज का प्रबंध किया जाएगा। फ्लोटिंग बैराज के ऊपर 600 टन तक निर्माण सामग्री रखकर नदी की धारा में आसानी से काम किया जा सकेगा। 15 से 20 जुलाई के पास फ्लोटिंग बैराज के माध्यम से पुल का निर्माण तेजी से किया जाएगा।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से स्टेनली रोड से मलाक हरहर तक लगभग 10 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन पुल का निर्माण किया जा रहा है। बारिश के दौरान अक्सर तीन से चार माह के लिए कार्य प्रभावित हो जाता है। बाढ़ के दौरान कार्य प्रभावित न हो इसके लिए यह प्रबंध किया जाएगा।
पिछले तीन वर्ष से पुल का निर्माण किया जा रहा है। बारिश के दिनों में लगभग चार माह तक काम ठप हो जाता है। वर्तमान में भी जलस्तर बढ़ने से गंगा की बीच धारा में निर्माण ठप हो गया है।
गंगा में सिक्स लेन पुल का निर्माण सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय विभाग की ओर से कराया जा रहा है। एसपी सिंगल कंपनी की ओर से पुल का निर्माण किया जा रहा है। 16 फरवरी 2021 में पुल का निर्माण शुरू किया गया। 24 में निर्माण पूरा होना था लेकिन निर्माण में देरी होती है। सिक्स लेन पुल को बनाने में 1947 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। पुल का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
फ्लोटिंग बैराज एक तैरता हुआ ढांचा होता है, जो नदी पर पुल बनाने के लिए एक अस्थायी प्लेटफार्म के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे नदी के बीच में पिलर बनाने की आवश्यकता कम हो जाती है, जिससे निर्माण कार्य जल्दी और आसानी से हो सकता है। फ्लोटिंग बैराज का उपयोग पुल निर्माण की गति को तेज करने और यातायात में होने वाली देरी को कम करने में मददगार होता है।
इस संबंध में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रोजेक्ट निदेशक मो. नुसरतुल्लाह खान ने बताया कि गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे कटान हो रही है। कटान के कारण पुल का निर्माण प्रभावित हो गया है। पहली बार कंपनी की ओर से फ्लोटिंग बैराज का उपयोग करके पुल का निर्माण किया जाएगा। सब कुछ सही रहा तो छह माह में पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा।