प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते राजस्व लेखपाल सीताराम को पकड़ा। फतेहपुर बिंदकी का मामला था। नक्शा पास करने के बदले चंद्रदत्त तिवारी से 5 हजार लिया था। लेखपाल बिंदकी तहसील के करनपुर पधारा में तैनात था।
बताया गया कि शिकायतकर्ता चंद्रदत्त तिवारी पुत्र स्व. नारायण दत्त तिवारी निवासी ग्राम घोरहा तहसील व थाना बिन्दकी जनपद फतेहपुर का आराजी संख्या 780 क व 781 के धारा 116 उ0प्र0 राजस्व संहिता में उप जिलाधिकारी (न्या() बिन्दकी द्वारा पारित प्रारम्भिक बिक्री के आदेश के क्रम में हिस्सा फाट व नक्शा नजरी बनाने के एवज में आरोपी लोकसेवक सीताराम पुत्र स्व. अशोक कुमार निवासी अहमदगंज थाना कोतवाली जनपद फतेहपुर सम्प्रति राजस्व लेखपाल क्षेत्र करनपुर पधारा तहसील बिन्दकी जनपद फतेहपुर द्वारा रिश्वत के रूप में पांच हजार रुपए की मांग की गयी थी। शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही करते हुए मंगलवार को समय 12.15 पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश प्रयागराज की टीम द्वारा कानूनगो कक्ष तहसील परिसर बिन्दकी से शिकायतकर्ता चंद्रदत्त तिवारी से आरोपी लोकसेवक सीताराम सम्प्रति राजस्व लेखपाल उपरोक्त को लोक सेवक साक्षीगण के समक्ष पांच हजार रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर थाना कल्यानपुर जनपद फतेहपुर पर धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्यवाही करते हुए अभियोग पंजीकृत कराया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में भ्रष्टाचार निवारण संगठन के प्रयागराज इकाई निरीक्षक अंजली यादव, निरीक्षक अलाउद्दीन अंसारी, निरीक्षक राकेश बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह सहित कई सिपाही शामिल रहे।