प्रयागराज (राजेश सिंह)। क्षेत्राधिकार जिला न्यायालय से स्थानांतरित कर मेजा तहसील में स्थापित किए जाने के विरोध में जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने आज गुरुवार से तालाबंदी हड़ताल शुरू कर दिया है। आम सभा में लिए गए निर्णय के अनुसार सुबह नौ बजे से आंदोलन के लिए गठित टीम के अधिवक्ताओं ने कचहरी पहुंचकर जिला न्यायालय के सभी प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया। किसी भी कर्मचारी वादाकारी को परिसर में प्रवेश नही करने दिया। कुछ सुरक्षाकर्मियों ने परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया लेकिन अधिवक्ताओं के विरोध के कारण उनको वापस होना पड़ा। ऐसे में केवल न्यायधीश ही परिसर में प्रवेश कर सके हैं। जिला जज अदालत के मेन गेट के सामने अधिवक्ताओं ने आम सभा आयोजित की। आम सभा में प्रस्ताव पारित हुआ कि प्रदेश भर के सभी बार के अध्यक्ष को पत्र भेजकर उनसे सहयोग मांगा जाएगा। जब तक आदेश वापस नहीं होता तब तक तालाबंदी हड़ताल जारी रहेगी। आम सभा में संघ के अध्यक्ष गिरीश तिवारी मंत्री, विद्या वारिधि मिश्र, उपाध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्र, देवकांत शुक्ल, संयुक्त मंत्री रेवती रमण त्रिपाठी सोहगौरा, कोषाध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह, लाइब्रेरियन ओमप्रकाश पांडेय, ऑडिटर प्रिया तिवारी, दिलीप पुरी, माया सिंह, गीता सिंह, सरिता साहू, गदाधर त्रिपाठी, अभिषेक जैन, ओम प्रकाश द्विवेदी, संध्या तिवारी, अजय पांडेय, अखिलेश कुमार पांडेय, पूर्व अध्यक्ष गण उमाशंकर तिवारी, कृष्ण बिहारी तिवारी, राकेश तिवारी ,शीतला प्रसाद मिश्र, राजेंद्र श्रीवास्तव, भगवत प्रसाद पांडेय, राधारमण मिश्रा, हरि सागर मिश्र, पूर्व मंत्री गण अखिलेश झा अनिल तिवारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, मनोज सिंह लोकेश, अरुण पांडे, प्रमोद सिंह नीरज, कोशैलेश कुमार सिंह आदि ने अपने विचार रखे। प्रयागराज जिला न्यायालय के सभी गेट पर ताला लगाए जाने की जानकारी पुलिस अधिकारियों को हुई तो बड़ी संख्या में फोर्स को तैनात किया गया। पीएसी के जवानों को लगाया गया। कई सीओ को भी तैनात किया गया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने भी यहां डेरा डाल दिया है। वे अधिवक्ताओं से बातचीत कर रहे हैं।