प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के यमुनापार में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनवा लिया गया था। प्रशासन के बुलडोजर ने मकान को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स को देखकर कोई विरोध नहीं कर सका। यमुनापार के करछना तहसील इलाके में सोमवार को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
करछना तहसील क्षेत्र के खाईं गांव में तालाब की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए पक्के घर को प्रशासन ने बुलडोजर चलवा कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। इस गांव के निवासी सुरेश मिश्रा पुत्र राम सजीवन ने तालाब संख्या 748 पर अवैध रूप से कब्जा कर दो कमरा पक्का मकान बनवा लिया था। उसे हटाने को लेकर तहसील प्रशासन ने पूर्व में नोटिस जारी की थी। साथ ही अवैध कब्जा नहीं हटाने पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की चेतावनी दी थी। उसके बावजूद भी बनाए गए मकान को तालाब की जमीन से नहीं हटाया गया।
ग्राम प्रधान की शिकायत व उप जिलाधिकारी गनेश कनौजिया के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासन ने अवैध रूप से बनाए गए घर को बुलडोजर से ढहा दिया। घर के बगल बनी चरही को भी ध्वस्त कर दिया गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत कुमार शर्मा ने बताया कि तालाब से अवैध कब्जा हटाने के लिए कई बार कहा गया था लेकिन उक्त व्यक्ति हटाने को तैयार नहीं था। इससे विवश होकर प्रशासन से अवैध कब्जा हटवाने का मदद मांगी गई थी, तब जाकर कार्यवाही हुई।