प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर में सोमवार दोपहर भयंकर जाम लगा रहा। सूरज की तपिश में घंटों वाहन चालक तपे। आलोपीबाग से जीटी जवाहर होते हुए बैरहना चौराहा से बाई का बाग तक जाम में घंटों गाडियां फंसी रहीं। झूंसी पुल, नए यमुना पुल पर भी गाड़ियों की लम्बी कतार लगी रही। इस भयंकर गर्मी में चौतरफा लगे जाम में बाइक सवार छोड़िए, कार और बस में बैठे यात्री भी हलाकान हो गए।
जाम में कई एम्बुलेंस भी फंसी रहीं और हूटर बजाती रहीं। लेकिन पैदल निकलने को जगह नहीं थी। बैरहना में गाड़ियां सड़क के एक तरफ से चौराहे के दूसरी ओर आधे घंटे में भी पार नहीं हो सकीं। सुबह 9:30 बजे से शुरू हुआ जाम लगभग तीन बजे तक लगा रहा। जीटी जवाहर चौराहे के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। इस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव रहता है। करीब साढ़े नौ बजे झूंसी से शहर आने वाली गाड़ियां धीरे-धीरे बढ़ रही थीं। ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के कारण आगे की तरफ डायवर्जन लागू किया गया है।
जाम में फंसे झूंसी के सोनू शहर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि जल्दी के चक्कर में लोग उल्टी दिशा से गाड़ियां लेकर जीटी जवाहर से गीता निकेतन की ओर निकलने लगे। इसके कारण वहां पर जाम लग गया। बाइक सवार के साथ कार वाले भी घुस गए थे। देखते ही देखते ये हालात और बिगड़ते चले गए। दोपहर 12 बजे तक जीटी जवाहर से सीएमपी कॉलेज डॉट के पुल पर गाड़ियां जाम में फंस गई। रामबाग से बैरहना होते हुए जीटी जवाहर तक गाड़ियों की लम्बी कतारें लग गई। इसी तरह बांगड़ धर्मशाला से नए यमुना पुल पर चार पहिया वाहन फंसे रहे। रेंगने के लिए भी पुल पर जगह नहीं बची। इसी तरह झूंसी गंगा पुल की एक लेन पूरी तरह से पैक हो गई।
दोपहर दो बजे हालात इतने बिगड़ गए कि बैरहना चौराहे पर आधे घंटे के बाद भी बाइक सवार चौराहा पार नहीं कर पा रहे थे। यातायात पुलिस के सिपाही और होमगार्ड की बेबसी नजर आ रही थी। बैरहना चौराहे से सीएमपी डिग्री कॉलेज के दोनों तरफ गाड़ियां जाम में फंसी थीं। यहां पर उल्टी दिशा से लोग गाड़ी लेकर घुस गए थे। इसके कारण स्थिति और बिगड़ गई थी।