प्रयागराज (राजेश सिंह). गंगापार के फूलपुर थाना क्षेत्र में द्वारचार के दौरान अति उत्साहित एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे पहले स्थानीय फिर शहर के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। उधर घटना के बाद ग्रामीणों ने फायरिंग करने के आरोपित को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई भी की गई। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। फूलपुर थाना क्षेत्र के चकरा अलीपुर गांव में बुधवार रात एक घर में बरात आई थी। हंसी खुशी के माहौल में नाचते-गाते बराती वधू के दरवाजे पर पहुंचे। द्वारचार की रस्म हो रही थी। इसी दौरान हर्ष फायरिंग की घटना हुई। हंसी खुशी का माहौल गम में बदल गया। हर्ष फायरिंग के बाद वहां अफरा तफरी भी मची। प्रतापगढ़ जनपद के मानधाता थानांतर्गत गाजीपुर गांव के आशीष सिंह पुत्र मान सिंह की बरात फूलपुर के चकरा अलीपुर गांव में बुधवार रात आई थी। द्वारचार के दौरान बरात में शामिल सुभाष सिंह निवासी गाजीपुर फायरिंग करने लगा। इसका साथ में आए जितेंद्र सिंह (27) पुत्र अंबिका सिंह ने विरोध किया। इसी बीच सुभाष सिंह ने फिर फायरिंग कर दी, जिससे गोली जितेंद्र को लग गई और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। जितेंद्र को गोली लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा तो यह देखकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने गोली चलाने वाले सुभाष सिंह को पकड़कर पिटाई करनी शुरू कर दी। जितेंद्र सिंह को समीप के अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाने को कहा। उसे यहां लाकर भर्ती कराया गया। वहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। उधर द्वारचार के दौरान हुई हर्ष फायरिंग करने वाला सुभाष लोगों की पिटाई से अधमरा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भी एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फूलपुर इंस्पेक्टर अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद घटना के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणाें ने बताया कि जितेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह पिता के साथ खेती किसानी करता था। उसका अभी विवाह नहीं हुआ था।