आंख पर चोट व गले पर काले निशान से पीटकर हत्या की आशंका
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के हंडिया में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी गई। रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सुचना पर पंहुची इलाकाई पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार हंडिया कोतवाली क्षेत्र के सरायमंसूर गांव निवासी रामनाथ भारतीय (53) मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह गांव के लोग घरों से खेत की तरफ जाने के लिए निकले तो प्राथमिक विद्यालय के पास रामनाथ का शव पड़ा देख हतप्रभ रह गए। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। खबर पाकर उसके घरवाले भी पहुंचे। इसी बीच सूचना पाकर वहां हंडिया के कोतवाल पहुंचे। घटनास्थल पर पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण को भेजा। रामनाथ के स्वजनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात में वह घर में ही था। घर से यहां कैसे पहुंचा, पता नहीं। घरवालों ने बताया कि किसी से कोई रंजिश नहीं है। हंडिया पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी हंडिया भी पहुंचे। उन्होंने रामनाथ भारतीय के परिवार के लोगों व ग्रामीणों से पूछताछ की। रामनाथ भारतीय की हत्या किन कारणों से हुई और किसने हत्या की, अभी स्पष्ट नहीं हो सका। क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रामनाथ भारतीय सीधा- साधा व्यक्ति था, उससे शायद ही किसी की दुश्मनी हो। परिवार के लोग गमगीन हैं। रामनाथ भारतीय की पीट-पीटकर अगर हत्या की जाती तो कोई न कोई उसकी चीख जरूर सुनता। जहां उसकी लाश पाई गई, वहीं कुछ दूरी पर कुछ मकान भी हैं। यहां रहने वाले लोग रात में घर के बाहर ही सो रहे थे। पुलिस ने जब इन लोगों से पूछताछ की तो बताया गया कि रात को उन्होंने किसी को नहीं देखा था। चीख की आवाज भी नहीं सुनी थी। जांच पड़ताल में जुटी हंडिया पुलिस ने रामनाथ भारतीय के मोबाइल को भी खंगाला है। हालांकि, इसमें पुलिस को ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे उसके कदम आगे बढ़ सके। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।