प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज जिले में अगवा किशोरी कुछ ही घंटों में बरामद हो गई है। पूरामुफ्ती से अगवा की गई किशोरी चौफटका में मिल गई है। जिस कार से युवक उसे ले जा रहे थे, वे भाग गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। उधर किशोरी के परिवार के लोगों के साथ ग्रामीणों ने प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर आज सुबह जाम लगाया था। पुलिस सक्रिय हुई और हर मार्गों पर कांबिंग की गई। इसके बाद वह बरामद हुई। अगवा करने वाले कौन थे और ऐसा करने के पीछे क्या कारण था, इस पर पुलिस पड़ताल कर रही है। किशोरी के बरामद होने के बाद पुलिस प्रेम प्रसंग के बिंदु पर भी जांच कर रही है। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने घर के बाहर खड़ी थी तभी कार से दो युवक आए और उसको कार की डिक्की में भर लिया। इसके बाद कहीं ले जा रहे थे। चौफटका पर कार धीमी हुई तो वह डिग्गी खोलकर बाहर निकल गई। सीओ सत्येंद्र तिवारी का कहना है कि किशोरी के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है। सफेद रंग की कार से किशोरी को अगवा किया गया था, लेकिन उसका नंबर किशोरी को नहीं मालूम। सीसीटीवी फुटेज से अपहरण करने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है।
पुरामुफ्ती इलाके से किशोरी हुई लापता
पूरामुफ्ती इलाके के रहने वाला एक व्यक्ति खेती किसानी करता है। उसने मार्केट बनवाया है। मार्केट की दुकानों को किराए पर दे रखा है। वहीं मकान बनवाकर परिवार के साथ वह रहता है। परिवार के लोगों ने बताया कि सोमवार की सुबह उनकी 13 वर्षीय बेटी दरवाजे पर बैठी थी जबकि घरवाले अंदर थे। इस बीच अचानक वह लापता हो गई थी। कुछ देर बाद जब वह नहीं दिखी तो परिवार के लोग परेशान हो गए। आसपास के रहने वाले लोगों के घर जाकर पता किया लेकिन उसका पता नहीं चल सका। स्वजनों ने अनहोनी की आशंका करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू किया है। किशोरी के संदिग्ध हाल में गायब होने की जानकारी जब आसपास के लोगों को हुई तो काफी संख्या में लोग एकत्रित होकर बच्चा चोरों के गिरोह आने का शक जाहिर करते हुए प्रयागराज-कानपुर जीटी रोड पर जाम लगा दिया था। सूचना पर पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर उपेंद्र प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद एसपी सिटी के आश्वासन पर रास्ता बहाल हो सका।