Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

प्रयागराज : राज्यमंत्री ने शिक्षकों से कहा.. कोई घूस मांगे तो एकजुट होकर दीजिए धरना

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। राजकीय शिक्षक संघ के दो दिवसीय शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी/प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शिक्षकों की समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत करा समाधान कराने का भरोसा देकर शिक्षकों को उनका दायित्व भी समझाया। यह भी कहा कि अगर काम के लिए कोई घूस मांगे तो उसके खिलाफ एकजुट होकर शिक्षक धरने पर बैठ जाएं तो काम भी हो जाएगा और भ्रष्टाचार भी रुक जाएगा। वर्षा के बीच राजकीय इंटर कालेज में महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता हैं, इसलिए अपने कार्य भी सही ढंग से करें। कर्तव्य अच्छा होगा तो अधिकार अपने आप मिल जाएंगे। शिक्षा के माध्यम से बच्चों को संस्कारी और गुणवान बनाएं। विद्यालयों में पठन-पाठन ऐसा हो कि गुरु शिष्य परंपरा नजर आए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर विद्यालय में शिक्षक तय करें कि कम से कम पांच ऐसे बच्चों को तैयार करेंगे, जो आगे चलकर आइएएस अधिकारी बनें। शिक्षकों की ओर से काम के बदले घूस मांगे जाने के विषय पर मंत्री ने कहा कि शिक्षक घूस देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा न दें। बल्कि घूस मांगने वाले के खिलाफ एकजुट होकर धरने पर बैठ जाएं। बताया कि मुख्यमंत्री की भी मंशा है कि भ्रष्टाचार पूरी तरह मिटाया जाए। इसके पहले अधिवेशन का दीप प्रज्वलन कर उन्होंने उद्घाटन किया। इस दौरान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एसपी तिवारी ने शिक्षकों की समस्याएं गिनाईं। साथ ही शिक्षकों को उनके कर्तव्य भी याद दिलाए। इसके अलावा राजकीय शिक्षक संघ की प्रांतीय अध्यक्ष छाया शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष मीनाक्षी कौल, वीरेंद्र सिंह तोमर, महामंत्री रामेश्वर पाण्डेय आदि ने मंत्री को शिक्षकों की समस्याओं से संबंधित 14 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। मंत्री ने अपनी संस्तुति के साथ समाधान के लिए मांगपत्र को मुख्यमंत्री को सौंपने का भरोसा दिया। गुरुवार को अधिवेशन में संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad