प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर के अतरसुइया थाना क्षेत्र के मीरापुर में गुरुवार रात एक कलयुगी बेटे ने नशे की हालत में अपने पिता को कमरे के अंदर पीट पीट कर मार डाला। वारदात को अंजाम देकर वह भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की। छापामारी कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ चल रही है। मीरापुर निवासी 62 वर्षीय हंसराज सिंह बिजली विभाग में लाइनमैन थे। परिवार में उनकी पत्नी फूलकली, बड़ा बेटा धीरेंद्र सिंह और छोटा बेटा अनीश है। पुलिस ने बताया कि धीरेंद्र सिंह कोई काम नहीं करता है। वह नशा करता था। उसकी हरकतों से तीन मंजिला मकान में भूतल पर स्थित एक कमरा उसे सोने के लिए दिया गया था। रात में वह उसी कमरे में सोता था। कई बार हंसराज सिंह भी रात में घर लौटने पर उसी कमरे में लेट जाते थे। गुरुवार की रात हंसराज अपने बड़े बेटे के कमरे में थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान नशे की हालत में उनके बीच विवाद हो गया। कमरे में रखा लकड़ी की पटरी से धीरेंद्र सिंह ने अपने पिता हंसराज को पीट-पीट कर मार डाला। उनकी चीख सुनकर मोहल्ले वाले एकत्र हो गए। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई। दरवाजा खोलते ही धीरेंद्र सिंह वहां से भाग निकला। कमरे के अंदर हंसराज खून से लथपथ पड़े थे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। करीब 11:30 बजे डॉक्टरों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद अतरसुइया थाने के पुलिस हरकत में आई। पुलिस रात में फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच की। आरोपी धीरेंद्र सिंह की तलाश में पुलिस रात भर छापामारी की। शुक्रवार को उसे पकड़ लिया गया पुलिस मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई करने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।